n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो रेल परियोजनाओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड ने बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग एंड कॉमन डेटा एनवायरनमेंट वर्कशॉप आयोजित की। इसका उद्देश्य मेट्रो रेल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में डिजिटल प्रॉजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत करना व एजेंसियों के बीच बेहतर और उचित समन्वय बनाए रखना रहा।
इस दौरान बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM) और कॉमन डेटा एनवायरनमेंट (CDE) तकनीक के उपयोग से परियोजनाओं की प्लानिंग, डिजाइन, मॉनिटरिंग और डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन डिजिटल टूल्स के इस्तेमाल से रियल टाइम डेटा शेयरिंग संभव होगी। इससे अलग-अलग विभागों और एजेंसियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज और सटीक तरीके से किया जा सकेगा। बीआईएम तकनीक से किसी भी मेट्रो परियोजना का डिजिटल मॉडल तैयार किया जा सकता है। इससे निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही डिजाइन से जुड़ी संभावित समस्याओं की पहचान हो सकेगी। वहीं सीडीई के माध्यम से परियोजना से संबंधित सभी दस्तावेज, ड्रॉइंग और अपडेट एक ही डिजिटल सिस्टम पर उपलब्ध रहेंगे।

