n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर में वीकेंड की शुरुआत तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के साथ हुई। शनिवार सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में दो डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 22 मई तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग ने 19 और 20 मई को हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, शनिवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय शहर की अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। गर्मी के साथ-साथ लोगों को खराब हवा से भी जूझना पड़ा। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 183 दर्ज किया गया, जो मॉडरेट श्रेणी में आता है। सेक्टर-51 मॉनिटरिंग स्टेशन पर AQI सबसे ज्यादा 276 AQI दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा।

