n NBT न्यूज, गुड़गांव
बरसात के मौसम को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। निदेशालय ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को स्कूल कैंपस, छतों और जल निकासी व्यवस्था की समय रहते सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निदेशालय का उद्देश्य है कि बारिश के दौरान स्कूलों में जलभराव, गंदगी या किसी प्रकार की दुर्घटना जैसी स्थिति पैदा न हो। निर्देशों में कहा गया है कि छतों पर जमा कचरा, पत्ते और मिट्टी को साफ कराया जाए ताकि पानी आसानी से निकल सके। कैंपस, नालियों और पानी निकासी के रास्तों की भी सफाई करने को कहा गया है।
अलर्ट रहने के निर्देश: अधिकारियों से कहा है कि वे अपने क्षेत्रों के स्कूलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिन स्कूलों में भवन या छत से जुड़ी कोई समस्या है, वहां तुरंत मरम्मत कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूलों में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए ताकि बारिश के दौरान पढ़ाई प्रभावित न हो।

