कई महिलाओं ने पूजी बरगद की बोनसाई
n NBT न्यूज, लखनऊः
राजधानी में शनिवार को अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र की कामना का पर्व वट सावित्री श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हर जगह बरगद वृक्ष न होने और साथ ही चिलचिलाती धूप और गर्मी से बचने के लिए महिलाओं ने हाइटेक तरीका निकाला। शहर के पॉश इलाकों जैसे गोमती नगर और इंदिरा नगर की कई सोसायटियों में महिलाओं ने बाहर जाने के बजाय घरों और पार्कों में बरगद के बोनसाई यानि गमले में लगे छोटे पौधे की पूजा की। वहीं चौक और डालीगंज सहित पुराने शहर के अन्य इलाकों में पारंपरिक रूप से बरगद के विशाल वृक्षों की पूजा की गई।
गर्मी से बचने
को लगा कूलर
गोमती नगर स्थित रसेल कोर्ट एमआई अपार्टमेंट में नेहा मिश्रा, नीरजा श्रीवास्तव, नीलम और निहारिका दीक्षित सहित लगभग दो सौ महिलाओं ने एक साथ वट सावित्री की पूजा की। गर्मी से राहत के लिए महिलाओं ने पूजा स्थल पर बकायदा कूलर का इंतजाम भी किया था। नेहा ने बताया कि यह बरगद पहले गमले में लगा था, जिसे दो साल पहले उन्होंने सोसायटी के पार्क में शिफ्ट कर दिया था।
अखंड सौभाग्य का मांगा वरदान
इसी तरह महानगर के सौभाग्य अपार्टमेंट में ओम सिंह ने अपने घर के गमले में लगे बोनसाई की पूजा की। वहीं गोमती नगर स्थित एल्डिको ग्रीन में भी माधवी सिंह, मनीषा मिश्रा, प्रांजली ठाकुर और कविता जैन ने बोनसाई वट वृक्ष की पूजा कर सौभाग्य का वरदान मांगा।

