- जांच में आया नया मोड़, पुलिस केस रद्द करने की तैयारी में
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
एनआईटी ब्लॉक स्थित एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र के साथ कथित यौन शोषण के मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। मेडिकल जांच में किसी भी प्रकार के यौन शोषण की पुष्टि नहीं होने के बाद पुलिस अब दर्ज केस को रद्द करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार मामला 24 अप्रैल का है। आठवीं कक्षा के एक छात्र ने शिकायत दी थी कि स्कूल के वाॅशरूम में उसके साथ दो सहपाठियों और दसवीं कक्षा के एक छात्र ने गलत हरकत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दो नाबालिग छात्रों को बाल सुधार गृह भेज दिया था।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई अहम तथ्य मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बनाए गए छात्रों में से एक कथित घटना के समय स्कूल में मौजूद ही नहीं था। स्कूल के उपस्थिति रजिस्टर में उसकी गैरहाजिरी दर्ज मिली। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट पेश कर छात्र को मामले से डिस्चार्ज करा दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता छात्र अब तक उस दसवीं कक्षा के छात्र की पहचान नहीं कर पाया है, जिसका उसने शिकायत में उल्लेख किया था। वहीं मेडिकल रिपोर्ट में भी यौन शोषण की पुष्टि नहीं हुई। सारन थाना प्रभारी हुकुम सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

