n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
नगर निगम के वाॅर्ड-95 में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इलाके में 34 नलकूपों में से 13 लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में हालात और खराब हो गए हैं। रविवार को नाराज स्थानीय लोगों ने पार्षद रुखसाना सेफी के आवास और कार्यालय पर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाॅर्ड में लगे 5 एचपी क्षमता के पांच मिनी नलकूप और 10 एचपी क्षमता का एक मिनी नलकूप पिछले कई महीनों से खराब पड़े हैं। इसके अलावा 30 एचपी का बड़ा पीएसी नलकूप भी करीब दो वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। नलकूप खराब होने से कैला भट्टा मेन रोड, कैला भट्टा गली नंबर 2, 4, 5, 6, 7, 8, 13 और 14, लालटेन फैक्ट्री क्षेत्र, कैला चौक समेत आसपास के कई इलाकों में गंभीर पेयजल संकट है। लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
रिबोर कराने की जरूरत
पार्षद रुखसाना सेफी ने बताया कि इलाके में सात बड़े पानी के पंप सूख चुके हैं, जिन्हें रिबोर कराने की जरूरत है। इसके अलावा छोटे-छोटे 6 पंप और खराब हैं। इसमें 30 एचपी का बड़ा पंप भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग के महाप्रबंधक से लेकर नगर आयुक्त तक को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। रविवार को प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन करने वालों में सुजाउद्दीन, शायरा अब्बासी, अलाउद्दीन अब्बासी, नफिसा, सायमा बानों, अर्चना अग्रवाल, साहरुख अब्बासी, दिलशाद चौधरी, नफीस अहमद और शहजादी आदि मौजूद रहे।

