n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जिला प्रशासन ने ट्रांसफर और पोस्टिंग में बाहरी दबाव और सिफारिशों के इस्तेमाल पर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी एडवाइजरी में सभी सरकारी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने तबादले या पोस्टिंग से जुड़े मामलों में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों या अन्य बाहरी माध्यमों से प्रभाव डालने की कोशिश न करें। प्रशासन ने इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों के खिलाफ बताते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ कर्मचारी निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया से हटकर ट्रांसफर और पोस्टिंग में हस्तक्षेप कराने का प्रयास कर रहे हैं। इससे प्रशासनिक अनुशासन, पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित होती है। सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, डीआरओ, डीडीपीओ, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन और अधीनस्थ कर्मचारियों तक पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं।

