n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद :
जनगणना की धीमी रफ्तार को लेकर डीएम सख्त नजर आए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि इस काम में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाएगी। जनगणना के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLB) के कामों की समीक्षा में धीमी रफ्तार मिली। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के उच्च अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ काम करने को कहा है। प्रगति रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में कार्य चिंताजनक है।
मोदीनगर आगे तो खोड़ा मकनपुर फिसड्डी : प्रगति रिपोर्ट के आंकड़ों पर नजर डालें तो गाजियाबाद के विभिन्न प्रभारों में काम की गति में बड़ा अंतर मिला है। देहात क्षेत्र में कुल 3,983 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक हैं, जिनमें से अभी भी 1,997 में काम शुरू ही नहीं हो पाया है। अब तक केवल 30 ब्लॉक ही पूरी तरह से बंद हो सके हैं, जबकि जिले का कुल इन-प्रोग्रेस प्रतिशत 49.11% है। क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो 91.47% इन-प्रोग्रेस रेट के साथ मोदीनगर जिला रैंकिंग में पहले स्थान पर है, यहां 516 में से 27 ब्लॉक पूरे भी किए जा चुके हैं। दूसरे स्थान पर डासना' (80.49%) और तीसरे पर फरीदनगर (82.61%) हैं। इनके विपरीत खोड़ा मकनपुर' की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां कुल 1,040 ब्लॉक्स में से 1,006 में काम अभी तक शुरू भी नहीं हुआ है। प्रगति दर महज 3.27% पर अटकी हुई है। 1,393 ब्लॉक्स वाले बड़े क्षेत्र लोनी में भी 631 ब्लॉक्स में काम शुरू न होने के कारण प्रगति केवल 54.63% ही है।

