n NBT रिपोर्ट, डेल्टा कॉलोनी
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली से सटे हुए वॉर्ड 68 के बृज विहार कॉलोनी में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई जगहों पर घंटों तक पानी की सप्लाई नहीं मिल रही, तो कई इलाकों में सीवर वाला गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर पानी का टीडीएस 1600 के पार पहुंच चुका है, जिससे पानी पीने योग्य नहीं रह गया है। इस समस्या से करीब 10 हजार लोग प्रभावित हैं। लोगों के अनुसार भीषण गर्मी में स्वच्छ और पर्याप्त पानी न मिलने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। लोगों को मजबूरी में पीने का पानी बाजार से खरीदना पड़ रहा है। इससे उनकी जेब पर अतिरिक्त खर्च पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि टैक्स और जलकर भरने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं के लिए उन्हें अलग से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
राधाकुंज, ए, बी और डी ब्लॉक में समस्या ज्यादा : कॉलोनी के कई हिस्सों में लोगों ने पानी से दुर्गंध आने, रंग पीला होने और गंदगी मिलने की शिकायत की है। ए, बी और डी ब्लॉक के निवासियों का कहना है कि नई पेयजल लाइन डालने के बाद भी पुरानी और जर्जर पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति हो रही है और सीवर लाइन का पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है। इससे लोगों को पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। निवासी नितिन गुप्ता का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का केवल अस्थायी समाधान किया जाता है। कुछ दिन हालात सुधरते हैं, लेकिन फिर वही स्थिति बन जाती है। लोगों ने नगर निगम और जल विभाग से पूरे क्षेत्र की पाइपलाइन की जांच कर स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।

