n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
जिला न्यायालय परिसर में जल्द ही महिलाओं के लिए फीडिंग रूम और बच्चों के लिए झूले और पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंगलवार को मेयर सुनीता दयाल ने जिलाजज विनोद कुमार रावत के साथ न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जिलाजज ने कोर्ट परिसर में पार्क, फव्वारा, वृक्षारोपण, फूल-पौधे, हेज, दीवारों पर पेंटिंग, लाइटिंग और महिलाओं के लिए फीडिंग रूम जैसी सुविधाओं की जरूरत बताई। मेयर ने अधिकारियों को इन कार्यों का एस्टीमेट और रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि न्यायालय परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में जज, वकील, पुलिसकर्मी, मुकदमों से जुड़े लोग और उनके परिवार आते हैं। ऐसे में यहां मूलभूत सुविधाएं होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना प्राथमिकता में शामिल है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाजज नीरज गौतम और सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

