n NBT न्यूज, गुड़गांव
ईद-उल-अजहा (बकरीद) 28 मई का है। इसको लेकर शहर का माहौल पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगने लगा है। कहीं मस्जिदों में नमाज की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, तो कहीं बाजारों और बकरा मंडियों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है। सुबह से लेकर रात तक बाजारों में बढ़ती चहल-पहल, बच्चों के चेहरे पर दिखाई देता उत्साह और घरों में शुरू हुई तैयारियां इस बात का संकेत दे रही हैं कि शहर अब बकरीद के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं इमाम संगठन ने लोगों से शांतिपूर्वक और स्वच्छ तरीके से त्योहार को मनाने की अपील की है।
गुड़गांव इमाम संगठन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बकरीद को भाईचारे, शांति और स्वच्छता के साथ मनाया जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कुर्बानी के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही सफाई का विशेष ध्यान रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की भी अपील की गई है। अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल हसीब कासमी ने कहा कि स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द, जिम्मेदार कुर्बानी और कानून पालन की एक विशेष जन-जागरूकता मुहिम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल एक धार्मिक प्रक्रिया का नाम नहीं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों, नफरत, अहंकार, गलत आदतों और समाज में फैली नकारात्मक सोच को छोड़ देने का संदेश भी है। ईद-उल-अजहा का वास्तविक संदेश त्याग, प्रेम, भाईचारा, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा है। कुर्बानी इंसान को यह सीख देती है कि वह अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज, देश और इंसानियत के लिए सोचे। धार्मिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार की मीट या पशु कटान संबंधी दुकानें बिल्कुल न लगाई जाएं।
मस्जिदों में दुरुस्त हो रहीं व्यवस्थाएं: शहर की मस्जिदों में नमाज के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। नमाजियों की सुविधा के लिए पानी, सफाई और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बकरीद के चलते कपड़े, सेवइयां, मसाले और अन्य जरूरी सामान की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार से बाजार में अच्छी रौनक लौट आई है।

