n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-65
विदेश में बैठे ठगों की मदद के लिए काम करने वाला एक और फर्जी टेलिफाेन एक्सचेंज पकड़ा गया है। कार्रवाई साइबर क्राइम साउथ पुलिस ने सेक्टर-65 में की है। यहां एक हाईटेक गिरोह सिम बॉक्स तकनीक के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल्स को भारतीय नंबरों में बदलकर डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर देशभर में ठगी करवा रहा था। पुलिस टीम ने मामले में दुबई में काम करने वाली एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाना साउथ इंचार्ज के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर सेक्टर-65 स्थित एमराॅल्ड प्लाजा के एक ऑफिस में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां 4 सिम बॉक्स और नेटवर्क व इंटरनेट कनेक्शन से जुड़े कई संदिग्ध डिवाइस मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इन सिम बॉक्स के जरिए विदेशी साइबर ठग भारतीय नागरिकों को कॉल करते थे, जिससे पीड़ित के फोन पर विदेशी नंबर के बजाय लोकल भारतीय नंबर दिखता था। इसका फायदा ठग उठाते थे।

