~40 हज़ार लेकर करते थे भ्रूण लिंग जांच, 4 पर FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में एक अस्पताल में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच का खुलासा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर चार लोगों के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह गोरखधंधा 30 से 40 हजार रुपये में किया जा रहा था। महिला को मरीज बनाकर भेजा गया था।

faridabad fetal sex determination revealed for 40 thousand fir registered against 4

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की मुहिम के बीच भी कुछ लोग ऐसे हैं, जो अब भी पेट में पल रही बच्ची को पैदा नहीं करना चाहते। इसी वजह से चोरी-छिपे कई जगह भ्रूण लिंग जांच का खेल चल रहा है। ताज़ा मामला एनआईटी 1 का है। यहां एक अस्पताल में अवैध रूप से 30 से 40 हज़ार रुपये लेकर भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी। सूचना पर गुड़गांव और फरीदाबाद की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अस्पताल छापा मारा। इसके बाद पीएनडीटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया। मामले में चार लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया है।

मरीज़ बनाकर महिला को भेजा अस्पताल: स्वास्थ्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अस्पताल में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच की जा रही है। इसके बाद दो टीमों का गठन किया। एक महिला को मरीज बनाकर अस्पताल भेजा गया। जांच के बदले पहले 36 हजार रुपये मांगे गए, बाद में 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। टीम ने अस्पताल में छापा मारकर वहां मौजूद उपकरणों को जब्त कर लिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। फिलहाल पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।