NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और कनाडा इस साल के अंत तक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर लेने के लिए बातचीत कर रहे हैं। 3 दिवसीय यात्रा पर कनाडा गए गोयल ने यह बात वहां के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू से बातचीत के बाद ओटावा में कही।
गोयल ने सिद्धू के साथ ओटावा में जॉइंट ब्रीफिंग में कहा, 'हमारे प्रधानमंत्रियों ने इस साल के अंत तक या उससे पहले ही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करने का जिम्मा दिया है। साथ ही, हमारा लक्ष्य साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 17 बिलियन डॉलर से तीन गुना करने का भी है।'
गोयल ने कनाडा के पीएम मार्क कार्नी से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने उम्मीद जताई कि FTA से जुड़ी बातचीत जल्द पूरी हो जाएगी। कार्नी ने कहा, 'हम भारत के साथ फ्री ट्रेड डील पर बात कर रहे हैं। कनाडा के वर्कर्स और बिजनेसेज के लिए यह गेम चेंजर होगी। इससे एक विशाल बाजार खुलेगा। हम तेजी से काम कर रहे हैं। मैंने पीयूष गोयल से मुलाकात की और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के लिए एनर्जी, एग्री-फूड, टेक और एजुकेशन में अवसरों पर भी बात की गई।' गोयल ने कनाडा के कृषि मंत्री हीथ मैकडॉनल्ड से भी मुलाकात की और कृषि में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की।
भारत और कनाडा कॉम्प्रिहेंसिव इकनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर बातचीत कर रहे हैं। अब तक वार्ता के दो दौर हो चुके हैं। तीसरा दौर ओटावा में 25 से 29 मई तक चलेगा। गोयल के साथ 100 से ज्यादा इंडस्ट्री लीडर्स का डेलिगेशन भी गया है। इनमें एनर्जी, माइनिंग, ऑटोमोटिव गुड्स, फार्मा, टेलीकम्युनिकेशंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लेदर और टेक्सटाइल्स जैसे सेक्टरों के लोग हैं।

