n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की योजनाओं के संचालन में तेजी लाई जाए। कहा, योजनाओं का काम जमीन पर दिखना चाहिए। निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह की एक लाख दीदियों को हर महीने अनिवार्य रूप से ग्राम्य विकास संस्थान में ट्रेनिंग दी जाए। इसके लिए राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन समूह की महिलाओं के नाम और विवरण सहित पूरी सूची राज्य ग्राम विकास संस्थान को तत्काल मुहैया कराएं। कहा, ट्रेनिंग तय कैलेंडर के अनुरूप दिलाई जाए।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। कहा कि ब्लॉकों से आवासीय और अनावासीय भवनों के निर्माण के संबंध में पंद्रह दिन के अंदर वहां से प्रस्ताव मंगाए जाएं। ग्राम चौपालों को पूरे व्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जाएं। बैठक में ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, प्रमुख सचिव सौरभ बाबू, आयुक्त गौरी शंकर प्रियदर्शी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन निदेशक दीपा रंजन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

