राज्य सरकार को भेजा जाएगा तीन अफसरों का पैनल

Contributed byC-surya.Shukla|नवभारतटाइम्स.कॉम

यूपी में स्थायी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों का पैनल राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया है। इस पैनल में शामिल नामों पर विचार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपयुक्तता के आधार पर स्थायी डीजीपी का चयन करेंगे।

process for appointing permanent dgp in up intensifies panel of three officers to be sent to state government soon

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी में स्थायी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के चयन को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अधिकारियों की बैठक हुई। यह बैठक सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बुलाई गई थी। बैठक में वरिष्ठता के आधार पर 3 वरिष्ठ अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजने पर सहमति बनी। बैठक में यूपी की ओर से मुख्य सचिव एसपी गोयल और अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद ने भी भाग लिया।

जानकारी के मुताबिक, आयोग द्वारा पैनल भेजे जाने के बाद राज्य सरकार 3 अधिकारियों की विजिलेंस जांच रिपोर्ट तलब करेगी। इसके बाद इनमें से एक अधिकारी का डीजीपी पद के लिए चयन किया जाएगा। नियमानुसार पैनल में शामिल नामों पर विचार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपयुक्तता के आधार पर स्थायी डीजीपी का चयन करेंगे। प्रदेश की वरिष्ठता सूची में डीजी रेणुका मिश्रा, पीयूष आनंद और राजीव कृष्णा के नाम सबसे ऊपर बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि वर्तमान कार्यवाहक डीजीपी राजीव कृष्णा को ही राज्य सरकार स्थायी कर सकती है।

31 मई 2025 को प्रशांत कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद योगी सरकार ने राजीव कृष्णा को यूपी का नया कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया था। राजीव कृष्णा कार्यवाहक डीजीपी के साथ-साथ डीजी (विजिलेंस) पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 11 मई 2022 को मुकुल गोयल को डीजीपी पद से हटाए जाने के बाद से यूपी में लगातार कार्यवाहक डीजीपी की तैनाती होती रही। इस पर आपत्ति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सहित संबंधित राज्यों को स्थायी डीजीपी की नियुक्ति करने का आदेश दिया था।