n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : जिले में परिवार पहचान पत्र (PPP) और राशन कार्ड के डाटा मिलान के बाद बड़ी संख्या में लोगों की राशन सुविधा प्रभावित हुई है। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के रेकॉर्ड के अनुसार, आय सीमा से अधिक पाए जाने पर एक लाख से ज्यादा लोगों के राशन कार्ड निष्क्रिय किए जा चुके हैं।
इसके बाद इन परिवारों को सरकारी राशन मिलना बंद हो गया है। कई लोग अब आय संबंधी त्रुटियां ठीक कराने के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से अधिक दर्ज मिली, उन्हें अपात्र मानते हुए राशन सूची से हटाया गया है। जिले में सितंबर 2024 तक करीब 2 लाख 20 हजार राशन कार्ड सक्रिय थे। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सितंबर से नवंबर 2025 के बीच 36 हजार कार्ड बंद किए गए, जबकि 2026 में अब तक 64 हजार राशन कार्ड निष्क्रिय हो चुके हैं। वर्तमान में जिले के 220 राशन डिपो पर करीब 1.20 लाख कार्डधारकों को राशन वितरित किया जा रहा है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक केके गोयल ने बताया कि राशन कार्ड बंद या चालू करने की प्रक्रिया मुख्यालय स्तर से होती है।

