शहरी और इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली की रिकाॅर्ड खपत

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में बिजली की मांग रिकॉर्ड तोड़ रही है। गर्मी के कारण एसी और कूलर का इस्तेमाल बढ़ा है। शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली की खपत पिछले साल से काफी ज्यादा हो गई है। बिजली निगम सप्लाई बनाए रखने का दावा कर रहा है।

record electricity consumption in gurgaon demand surges due to heat and increased ac cooler usage

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: गर्मी बढ़ने के साथ गुड़गांव में बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की 25 मई की रिपोर्ट के अनुसार, शहरी व इंडस्ट्रियल एरिया में पूरे दिन बिजली सप्लाई दी गई, जबकि खपत में पिछले साल के मुकाबले उछाल आया है।

बिजली निगम के आंकड़ों के मुताबिक, गुड़गांव सर्कल-1 में शहरी क्षेत्र को 23 घंटे 22 मिनट और इंडस्ट्री को 23 घंटे 55 मिनट बिजली सप्लाई मिली। वहीं, सर्कल-2 में शहरी क्षेत्र को 23 घंटे 52 मिनट और इंडस्ट्री को 23 घंटे 55 मिनट बिजली दी गई। ग्रामीण फीडर पर भी 22 घंटे से अधिक आपूर्ति दर्ज की गई। बिजली खपत के आंकड़े भी तेजी से बढ़े हैं। गुड़गांव सर्कल-1 में कुल 185.18 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई, जो पिछले साल की तुलना में 47.45 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, गुड़गांव सर्कल-2 में 324.01 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले 108.09 प्रतिशत अधिक है। एक दिन में सर्कल-2 में मांग में 16.58 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई। अधिकारियों के मुताबिक एसी और कूलर के बढ़ते इस्तेमाल से बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। हालांकि बढ़ते लोड के बावजूद शहरी और इंडस्ट्रियल एरिया में सप्लाई बनाए रखने का दावा किया जा रहा है। निगम की ओर से सभी फीडरों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या को नियंत्रित रखा जा सके।