n NBT न्यूज, ग्रेनो : सादुल्लापुर गांव स्थित तालाब में मंगलवार को मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शव बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सौंदर्यीकरण कार्य और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस तालाब को करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित किया गया, उसी तालाब की टूटी सुरक्षा ग्रिल को युवक की मौत का कारण बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ग्रिल सही होती, तो युवक तालाब में नहाने के लिए अंदर नहीं जा पाता।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 32 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वह हरियाणा के पलवल का रहने वाला था और सादुल्लापुर गांव में रह रहा था। शुरुआती जांच में युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। लोगों के अनुसार युवक तालाब के किनारे पहुंचा, कपड़े उतारे और अचानक पानी में कूद गया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर इकोटेक-3 थाना पुलिस, फायर सर्विस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। बाद में एनडीआरएफ की टीम भी बुला ली गई। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।

