n NBT न्यूज, लखनऊ: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय , लखनऊ परिसर ने स्नातक और परास्नातक स्तर पर नॉन सीयूईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिसर के निदेशक प्रो. सर्वनारायण झा ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर ही प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी छात्र मुख्यधारा की शिक्षा से वंचित न रहे।
छात्र विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल sanskritadm.samarth.edu.इन पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस बार परिसर में शास्त्री (स्नातक) और आचार्य (परास्नातक) स्तर के पारंपरिक विषयों जैसे संस्कृत साहित्य, व्याकरण, वेद, फलित एवं सिद्धांत ज्योतिष और बौद्ध दर्शन के साथ-साथ बीए ऑनर्स में 'संस्कृत एवं सिविल सेवा अध्ययन' जैसा आधुनिक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध है। विशेष बात ये है कि इस सत्र से पहली बार एमए संस्कृत (व्याकरण एवं साहित्य) का नया कोर्स भी शुरू किया जा रहा है।
शास्त्री के लिए 29 मई और आचार्य/एमए के लिए 4 जून तक आवेदन किया जा सकता है। स्नातक के लिए प्रवेश परीक्षा 30 मई को होगी, जबकि परास्नातक के लिए 6 जून की तारीख निर्धारित है। आवेदन शुल्क स्नातक के लिए ₹100 और परास्नातक के लिए ₹200 रखा गया है। परिणामों की घोषणा क्रमशः 2 और 9 जून को की जाएगी।

