सेक्टर 51 मेट्रो से गाजियाबाद रूट पर बसें चलाने से किया इनकार

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा एक्सटेंशन के निवासियों के लिए शुरू की गई बस सेवा ऑटो माफिया की गुंडागर्दी के कारण बंद हो गई है। बस ऑपरेटरों ने स्टाफ की सुरक्षा का हवाला देते हुए बसें चलाने से मना कर दिया है। यह घटना प्रशासन और पुलिस की साख पर सवाल उठाती है।

buses stopped on sector 51 metro to ghaziabad route service halted due to auto mafias goondagiri

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

नोएडा एक्सटेंशन के लाखों निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की जिस लाइफलाइन का सपना तीन दिन पहले शुरू हुआ था, वह स्थानीय ऑटो माफिया की गुंडागर्दी की भेंट चढ़ गया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत शुरू की गई बसें दबंग ऑटो चालकों के हिंसक व्यवहार और धमकियों के कारण महज 72 घंटों के भीतर सड़कों पर दिखना बंद हो गई हैं। बस ऑपरेटरों ने स्टाफ की सुरक्षा का हवाला देते हुए इस रूट पर गाड़ियां चलाने से हाथ खड़े कर दिए हैं, जिससे प्रशासन और पुलिस की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सार्वजनिक परिवहन की भारी किल्लत को देखते हुए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, आरटीओ और यूपी रोडवेज के अधिकारियों ने मिलकर एक विशेष रूट तैयार किया था। इस रूट का उद्देश्य ग्रेनो वेस्ट को गाजियाबाद और नोएडा के सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से सीधे जोड़ना था। पांच महीने की मशक्कत के बाद निजी ट्रेवल एजेंसी ने इस चुनौतीपूर्ण रूट पर बस संचालन का जिम्मा उठाया। सोमवार को जब बस सेवा शुरू हुई, तो हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी।

ट्रेवल एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बुधवार को कासना स्थित यूपी रोडवेज डिपो पहुंचकर अधिकारियों को अपनी व्यथा सुनाई। लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया कि पूरे रूट पर अवैध रूप से संचालित होने वाले ऑटो चालकों ने समानांतर सत्ता चला रखी है। ये ऑटो चालक बसों को निर्धारित स्टॉपेज पर रुकने नहीं देते। जैसे ही बस रुकती है, दर्जनों ऑटो चालक उसे घेर लेते हैं और सवारियों को जबरन बस में चढ़ने से रोकते हैं। एजेंसी का दावा है कि टोकन मनी और सवारी छीनने के नाम पर बस चालकों और परिचालकों के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जा रही है। सुरक्षा के इसी अभाव के चलते डरे-सहमे कर्मचारियों ने ड्यूटी पर आने से मना कर दिया है।