n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : जलपुरा गांव में दीपिका मौत के बाद जेल गए ससुराल पक्षों के मकान में चोरी होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र सिंह से शिकायत की। वहीं पुलिस का कहना है कि टीम साक्ष्य एकत्रित करने के लिए घर पर गई थी। दूसरी ओर पुलिस जल्द ही जेल में बंद आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
कुड़ी खेड़ा गांव निवासी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी रितिक से हुई थी। कुछ समय पहले ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने पर उसकी मौत हो गई थी। मायके पक्ष ने दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप है कि दीपिका को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित रखा गया था। पुलिस ने मृतका के पति रितिक, ससुर मनोज, साले और एक चचेरे ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो ननद और एक चचिया ससुर फरार बताए जा रहे हैं। ईकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जेल में बंद आरोपियों की रिमांड लेने के लिए न्यायालय में अर्जी दी जा रही है। रिमांड मिलने के बाद आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

