nNBT न्यूज, लखनऊ: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में नए सत्र से फिजिकल एजुकेशन विभाग की स्थापना की जाएगी। कुलपति आचार्य संजय सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई 41वीं विद्या परिषद (अकेडमिक काउंसिल) की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इससे भविष्य में यहां बीपीएड और एमपीएड जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू हो सकेंगे।
प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि बैठक में नए सत्र से इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम के तहत बीए-बीएड, बीएससी-बीएड और बीकॉम-बीएड पाठ्यक्रमों को हरी झंडी दे दी गई है। साथ ही, ऊर्जा बचत के तहत विवि में सोमवार से शुक्रवार तक 'पांच दिवसीय कार्य सप्ताह' लागू करने का फैसला हुआ है। अब शनिवार-रविवार अवकाश रहेगा और कक्षाएं व दफ्तर सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक चलेंगे। 1 से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी और हर शुक्रवार को 'नो-वीकल डे व स्वच्छता दिवस' मनाया जाएगा। बैठक में कुलसचिव रोहित सिंह, डिप्टी रजिस्ट्रार अनिल मिश्रा और डीन एकेडमिक्स प्रो. वी.के. सिंह मौजूद रहे।

