n NBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले के कॉलेजों के साथ ही जेसी बोस यूनिवर्सिटी में दाखिला के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। फिलहाल छात्रों के पास आवेदन करने के लिए केवल तीन दिन का समय बाकी रह गया है। हालांकि अभी एक बार आवेदन करने की तारीख में बदलाव हो सकता है। बता दें कि जेसी बोस यूनिवर्सिटी में बीटेक कोर्स को छोड़कर बाकी सभी पोस्ट ग्रैजुएशन व अंडर ग्रैजुएशन कोर्स व डिप्लोमा में आवेदन प्रक्रिया एक मई को शुरू हुई थी। फिलहाल ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है और छात्रों के पास आवेदन करने के लिए 31 मई तक का समय बाकी है। वहीं, अन्य कॉलेजों की बात करें तो महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से संबंधित जिले के 11 कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। यहां पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सात मई को शुरू हुई थी। हालांकि आवेदन की सार्वजनिक सूचना व गाइडलाइन 21 मई को जारी की गई थी। शुरुआती शेड्यूल के अनुसार यहां पर अभी आवेदन करने के लिए 31 मई अंतिम तारीख रखी गई है। ऐसे में छात्रों के पास आवेदन करने के लिए अब केवल तीन दिन का समय बाकी रह गया है। अधिक से अधिक छात्र आवेदन कर दाखिला प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें, इसलिए आवेदन की तारीख आगे बढ़ने का अनुमान है। डिस्ट्रिक्ट हायर एजुकेशन ऑफिसर डॉ रितिका ने बताया कि कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन करने के लिए 31 मई अंतिम तारीख है। उम्मीद है कि शेड्यूल में बदलाव होगा और तारीख आगे बढ़ सकती है।

