n NBT न्यूज, नोएडा/ग्रेनो
शहर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोग सुबह से ही प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे थे। लोगों ने देश में अमन और शांति की दुआओं के साथ नमाज अदा की। नोएडा के सेक्टर- 8 जामा मस्जिद, सेक्टर- 31 मदीना मस्जिद, सेक्टर- 110 की मक्की मस्जिद, सेक्टर- 50 शियाओं की मस्जिद समेत शहर की अन्य मस्जिदों में भीड़ जुटी रही। ग्रेटर नोएडा और देहात की मस्जिदों व ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। सुबह से ही दादरी, सूरजपुर, जेवर, दनकौर, जारचा, कासना और नोएडा समेत विभिन्न क्षेत्रों की मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहा। जिलेभर में पुलिस, पीएसी और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तैनात किया गया। तीनों जोन के डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कोतवाली प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने मस्जिदों, ईदगाहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त की। कई स्थानों पर फ्लैग मार्च भी किया गया।

