n NBT रिपोर्ट, नोएडा : जनगणना कार्य के दौरान फील्ड में न जाने या किसी भी तरह की लापरवाही करने वाले स्टाफ पर नोएडा अथॉरिटी एफआईआर दर्ज कराएगी। नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने सभी जनगणना पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर सख़्त निर्देश दिए कि हर हाल में सभी जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी प्रगणकों के साथ फील्ड में जाकर कार्य शुरू कराएं। यदि मौके पर कोई समस्या आती है, तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहें और जहां भी कर्मचारियों की कमी हो, उसे तुरंत पूरा कराया जाए। जनगणना कार्य में किसी की भी लापरवाही से यदि काम प्रभावित होता है, तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि निजी स्कूलों के शिक्षकों के जनगणना कार्य से हटने के कारण करीब 800 कर्मचारियों की कमी हो गई है। स्थिति को संभालने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने अपने स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। कर्मचारियों की कमी को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों और वरिष्ठ प्रबंधकों को भी इस कार्य में लगाया गया है।

