n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
शहर की हाईराइज सोसायटियों में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। बिजली कटौती से परेशान लोगों की मुश्किलें अब जनरेटरों के बार-बार बंद होने से और बढ़ गई हैं। जनरेटर फेल होते ही लिफ्टें बंद हो जाती हैं, जिससे ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों के लिए घर से बाहर निकलना और वापस आना तक मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ रहा है। एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के निवासियों का कहना है कि बिजली जाते ही पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन जाती है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवार घंटों तक अंधेरे और गर्म फ्लैटों में रहने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि उन्होंने करोड़ों रुपये खर्च कर बेहतर सुविधाओं और सुरक्षित जीवन की उम्मीद में फ्लैट खरीदे थे, लेकिन अब उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। निवासियों के अनुसार, सोसायटी के जनरेटर पूरी तरह ओवरलोड हो चुके हैं, जिसके चलते वे बार-बार फेल हो रहे हैं। लगातार बिजली कटौती और बैकअप व्यवस्था ठप होने से लोगों में नाराजगी है।

