n NBT रिपोर्ट, नोएडा : अथॉरिटी सेक्टर-73 और सेक्टर-70 के बीच की सड़क को चौड़ा कराएगी। अथॉरिटी ने इसके लिए पिछले दिनों टेंडर भी जारी कर दिया था। अब 15 जून तक टेंडर फाइनल कर सड़क चौड़ी कराने का काम शुरू किया जाएगा। अथॉरिटी के अनुसार यहां करीब 800 मीटर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। साथ ही डिवाइडर के कुछ हिस्सों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर अथॉरिटी करीब 1 करोड़ 36 लाख रुपये खर्च कर रही है।
सेक्टर-71 अंडरपास से निकलने के बाद पर्थला फ्लाईओवर तक सड़क कम चौड़ी होने के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। करीब 800 मीटर हिस्से के चौड़ा हो जाने के बाद सेक्टर-71 अंडरपास से निकलकर लोग जल्दी पर्थला फ्लाईओवर तक पहुंच सकेंगे और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। फिलहाल स्थिति यह है कि सेक्टर-73 के सामने से सेक्टर-121 और सेक्टर-122 के सामने तक जाम की स्थिति बन जाती है, क्योंकि सेक्टर-71 अंडरपास के अलावा अन्य रास्तों से भी यहां ट्रैफिक आता है।

