n NBT न्यूज, फरीदाबाद
पानी का बिल भरने के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 27 मई को 2 आरोपियों को कपूरथला पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक आरोपियों की पहचान सरबजीत (35) व तरुणधीर (33) निवासी जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। जिनको तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सेक्टर-85, फरीदाबाद निवासी एक शख्स ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 7 अप्रैल को उसके मोबाइल फोन पर पानी का बिल भरने संबंधी एक मेसेज आया, जिसमें एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। उसने जब उक्त नंबर पर संपर्क किया तो आरोपियों ने उसे एक लिंक भेजा और प्लॉट की आईडी भरने के लिए कहा। साथ ही यह भी कहा गया कि आईडी रजिस्टर करने के बाद पानी का बिल नहीं आएगा। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से 8 लाख 53 हजार 750 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तरुणधीर और सरबजीत आपस में जानकार हैं। तरुणधीर कपूरथला स्थित एक पेट्रोल पंप पर मेनेजर का काम करता है तथा सरबजीत एक होटल पर काम करता है। तरुणधीर ने सरबजीत द्वारा उपलब्ध कराए गए क्रेडिट कार्ड को पेट्रोल पंप की पीओएस मशीन पर स्वाइप कर नकद पैसे सरबजीत को दिए थे। क्रेडिट कार्ड जतिंदर का था, जिसमें ठगी के 3 लाख 55 हजार रुपये आए थे।

