n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
पल्ला थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में बर्थडे पार्टी में खाना खाने गई छठीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मौसी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और पीड़िता दोनों मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं और यहां एक कॉलोनी में रहते हैं। पीड़िता की मां की मौत हाे चुकी है। आरोपी एक मोबाइल कंपनी में नौकरी करता है।
पीड़िता की मौसी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वे पल्ला थानाक्षेत्र की कॉलाेनी में परिवार के साथ रहते हैं। बहन की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी 13 साल की बेटी करीब छह साल से उसी के साथ रहती है। गुरुवार को पड़ोस में एक व्यक्ति के घर में बर्थडे पार्टी थी। पीड़िता भी उस कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां से महिला के लिए खाना लेकर आई और दोबारा खुद खाने चली गई। लेकिन काफी देर तक नहीं लौटी। रात करीब साढ़े दस बजे जब उसकी तलाश की गई तो कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक किया तो पता चला कि बिहार का रहने वाला बिजेंदर उसे अपने साथ लेकर जाता नजर आ रहा है। आरोपी बिजेंदर कुछ दूर पर ही किराए पर रहता है। दोनों परिवार एक दूसरे को जानते हैं। पीड़ित छात्रा भी आरोपी को जानती है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी। फिलहाल बच्ची की तबियत ठीक है।

