n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में लोगों को राहत देने के लिए जिला पंचायत राज विभाग ने जिले की सभी 142 ग्राम पंचायतों में ठंडे पानी की व्यवस्था शुरू कर दी है। पंचायतों में वॉटर कूलर लगाने के साथ-साथ मटके भी रखवाए जा रहे हैं ताकि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर आसानी से पीने का पानी मिल सके। जिला पंचायती राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि हर ग्राम पंचायत में एक वॉटर कूलर और नौ मटके रखवाए जा रहे हैं। इस तरह प्रत्येक पंचायत में कुल 10 स्थानों पर पानी की व्यवस्था होगी। इन स्थानों का चयन ऐसे इलाकों में किया जा रहा है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है इसके लिए पंचायत विभाग व ब्लॉक स्तर के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। इसके तहत पंचायत भवन, मुख्य सड़क, बाजार, बस स्टॉप और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर प्याऊ लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को आसानी से ठंडा पेयजल मिल सके।

