n NBT रिपोर्ट, इंदिरपुरम
अरिहंत अल्टुरा सोसायटी में एकमात्र एंट्री-एग्जिट रैंप को तोड़ने की कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को निवासियों और नगर निगम गाजियाबाद (MCG) के अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। सोसायटी निवासियों का आरोप है कि निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य अभियंता ने बातचीत के दौरान आक्रामक और धमकी भरा रवैया अपनाया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। निवासियों के मुताबिक, मुख्य अभियंता, ईई, एई, जेई समेत करीब 20-30 कर्मचारियों के साथ कई सरकारी वाहनों में सोसायटी पहुंचे थे। इस दौरान रैंप हटाने को लेकर एओए पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि मुख्य अभियंता ने सोसायटी के एओए अध्यक्ष पद्माकर झा और पूर्व एओए अध्यक्ष अनिल सहित अन्य लोगों के प्रति जबरदस्ती वाला व्यवहार किया। इस घटनाक्रम के बाद प्रबंधन समिति ने नगर निगम को प्रोटेस्ट नोटिस भेजा है।
सोसायटी निवासियों ने कहा कि संबंधित रैंप उनकी सोसायटी का एकमात्र एंट्री और एग्जिट मार्ग है। ऐसे में इसे तोड़ने से सुरक्षा और यातायात दोनों प्रभावित होंगे। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर बने रैंप, विशेषकर IRS के पास बने रैंप को नहीं हटाया गया है, जबकि केवल उनकी सोसायटी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसे निवासियों ने पक्षपातपूर्ण रवैया बताया है।

