n NBT न्यूज, हापुड़ : शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में व्यापार बंधु की बैठक डीएम कविता मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल व सचिन जिंदल ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए शहर में ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किया जाए, ट्रैफिक लाइटें चालू की जाएं और गोशाला में नाली का निर्माण किया जाए। लंबे रूटों पर चलने वाली रोडवेज बसें शहर से निकाली जाएं। संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने नगर पालिका और वन विभाग से बंदरों व आवारा कुत्तों को पकड़कर हॉल्ट सेंटर में छोड़ने, शहर में मल्टिलेवल पार्किंग की व्यवस्था करने की भी मांग की और गढ़ रोड पर निर्माणाधीन नाले का काम भी जल्द पूरा कराने की बात रखी। महामंत्री संजय अग्रवाल ने शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने और मेरठ रोड रेलवे अंडरपास की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग उठाई। जितेंद्र गोयल ने ब्रजघाट में अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने का विरोध दर्ज कराया।

