n NBT न्यूज, गाजियाबाद : विद्युत निगम के कैश काउंटर पर बिल जमा न होने के कारण उपभोक्ताओं को वापस जाना पड़ा। लाइन में लगने के बाद कैश काउंटर पर पहुंचने पर भी बिल जमा नहीं हो सका। वहीं, सर्वर में दिक्कत के चलते उपभोक्ताओं को रसीद भी नहीं मिल सकी।
कविनगर जोन में करीब 10 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ता हैं, जिनके बिल जैन मंदिर स्थित ऑफिस में जमा किए जाते हैं। सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था लेकिन कैश काउंटर पर बिजली बिल जमा न होने से परेशानी हुई। उत्तर प्रदेश में कैश काउंटर के माध्यम से सहज प्राइवेट कंपनी द्वारा बिल जमा किया जाता है। कंपनी की साइट पर पहले कैश जमा करने के बाद ही बिल जमा हो पाता है लेकिन सर्वर में दिक्कत के कारण बिल जमा नहीं हो सका। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। कविनगर ब्लॉक-डी से आए मुनीष कुमार ने बताया कि काउंटर पर करीब 30 मिनट से इंतजार कर रहा हूं, लेकिन अभी तक न तो बिल जमा हुआ और न ही रसीद मिली। अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि साइट में दिक्कत के कारण समस्या आई है। मामला संज्ञान में लिया गया है, जल्द समाधान किया जाएगा।

