n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : नगर निगम के निर्माण कार्यों में देरी और विभागों के बीच क्वॉडिनेशन की कमी पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को हुई बैठक में उन्होंने निर्माण विभाग, जलकल विभाग, स्वास्थ्य, प्रकाश और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित ठेकेदारों को भी फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने साफ कहा कि वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद कार्य में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पोर्टल के माध्यम से देखी गई। नगर आयुक्त ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उनमें 10 जून तक हर हाल में काम शुरू होना चाहिए।

