n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
विजयनगर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही पानी की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम की गंगाजल योजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। करीब 17 करोड़ रुपये से तैयार की गई 10 एमएलडी जलापूर्ति योजना के तहत 10 वॉर्डों में गंगाजल सप्लाई का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। निगम का दावा है कि अगले सप्ताह के अंत तक सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि गर्मी में विजयनगर के कई इलाकों में जल संकट है। इसे देखते हुए जल निगम के साथ 10 वॉर्डों तक गंगाजल पहुंचाने की योजना बनाई थी। इसके तहत 6 सीडब्ल्यूआर और ओवरहेड टैंकों तक पाइपलाइन बिछाकर पानी पहुंचाया जाना था। फिलहाल 6 में से 5 टंकियों तक जलापूर्ति पहुंच चुकी है और ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। शेष कार्य 10 दिन में पूरा होगा। मेयर ने यह भी कहा कि जल निगम की ओर से कार्य में देरी हुई है और इसके लिए भुगतान में कटौती की जाएगी।

