NBT न्यूज, भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 13 और 14 जून को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) अब 5 जुलाई को होगी। इसका फैसला देर शाम चैयरमेन द्वारा ली गई मीटिंग में किया गया। इससे पहले यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए डॉ. पवन कुमार शर्मा ने 25 मई को परीक्षा की तारीखों की घोषणा की थी। इसके तहत परीक्षा का आयोजन 13 और 14 जून को होना था। मगर, इसके बाद शर्मा को चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह शंकर धुप्पड़ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 26 मई को ही पदभार संभालने के तीन दिन बाद ही शंकर धुप्पड़ ने एचटेट परीक्षा पोस्टपोन करने का फैसला लिया था। इस फैसले के बाद बोर्ड अधिकारियों की बैठक में यह परीक्षा 4-5 जुलाई को करने का निर्णय लिया गया।
डॉ. पवन कुमार ने बोर्ड चेयरमैन रहते हुए 25 मई को एचटेट परीक्षा आयोजित कराने का ऐलान किया था। बताया था कि परीक्षा को दो दिनों में तीन अलग-अलग सत्रों विभाजित किया गया था।
बोर्ड चेयरमैन ने बताया था कि यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अपनी ओएमआर शीट में 20 से ज्यादा प्रश्न खाली छोड़ता है तो उसकी परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी। यह कदम परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की हेराफेरी या बाद में ओएमआर शीट भरने जैसी संभावित गड़बडय़िों को रोकने के लिए उठाया गया है। बोर्ड चेयरमैन ने साफ किया था कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी जनगणना के कार्य में लगी हुई है, उन्हें ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा।

