n NBT न्यूज लोनी
नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। जन समस्याओं, सफाई कर्मचारियों के बकाया वेतन, बढ़ते प्रदूषण और नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार को लेकर वॉर्ड एक के सभासद आदर्श प्रधान ने विरोध दर्ज कराया। मामला इतना बढ़ गया कि सभासद ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, अधिकारियों और अन्य सभासदों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद चेयरमैन रंजीता धामा चली गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस सभासद को अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन वह अन्य सभासदों के साथ धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद वह घर लौटे।
बोर्ड बैठक में सभासद आदर्श प्रधान ने पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पूरे शहर को कूड़े का ढेर बना दिया गया है। दिल्ली-सहारनपुर रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर धूल और प्रदूषण बढ़ रहा है, लेकिन पानी का छिड़काव कागजो में ही खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पालिका में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। वॉर्डों में विकास कार्य भेदभावपूर्ण तरीके से कराए जा रहे हैं। सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा। जनता की मूलभूत समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस बार जारी किया गया सफाई टेंडर अनियमितताओं से भरा हुआ है। कहीं सुनवाई नहीं होने पर इस तरह का कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।

