nNBT न्यूज, लखनऊ : लखीमपुर खीरी से लापता युवती का शव बुधवार शाम चारबाग स्थित एक होटल में फांसी के फंदे से लटका मिला। युवती दो दिन से लापता थी ,परिवारिजनों ने उसके अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा ने बताया कि होटल मिलन के कमरा नंबर-23 में ठहरी गुंजन मिश्रा (22) का शव बुधवार रात पंखे से लटका मिला। गुंजन लखीमपुर खीरी के महेवागंज की रहने वाली थी और एमए संस्कृत द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह 25 मई से होटल में रुकी हुई थी। बुधवार शाम तक उसके कमरे से बाहर न निकलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जवाब न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल स्टाफ की मौजूदगी में कमरा खुलवाया। अंदर गुंजन का शव दुपट्टे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
दर्ज था अपहरण का मुकदमा
परिवारिजनों के मुताबिक गुंजन 25 मई को घर से लापता हो गई थी। इस संबंध में लखीमपुर के कोतवाली नगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवारिजनों और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। भाई संदीप सिंह ने बताया कि गुंजन घर से मोबाइल और पैसे लेकर नहीं निकली थी। बाद में होटल से उसके पास नए कपड़े, मोबाइल और नकदी मिलने की जानकारी मिली, जिससे परिवारीजन भी हैरान हैं।

