n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : नगर निगम ने जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 21 कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित कर्मियों ने जल्द काम शुरू नहीं किया तो उनके मूल विभागों को सर्विस बुक में प्रतिकूल प्रविष्टि करने के लिए भी लिखा जाएगा। सभी प्रगणक सिटी जोन, कविनगर और वसुंधरा जोन से जुड़े हैं। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि शुक्रवार को सभी कर्मियों से फोन पर पूछा गया कि वे जनगणना की ऑनलाइन प्रविष्टि क्यों नहीं कर रहे हैं? जिन लोगों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। आंकड़ों के अनुसार जनगणना में मोहन नगर जोन सबसे आगे है। यहां 96.5 प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि का काम किया है। कविनगर जोन में 83 प्रतिशत, विजयनगर जोन में 74 प्रतिशत और वसुंधरा जोन में 66 प्रतिशत है। सबसे खराब स्थिति सिटी जोन की है जहां केवल 57 प्रतिशत प्रगणकों का काम ऑनलाइन है। अधिकारियों का कहना है कि काम समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। जिन कर्मचारियों ने काम शुरू नहीं किया है, उन्हें अंतिम मौका दिया जा रहा है।

