n NBT न्यूज, लखनऊ: नैशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नॉलजी (NIFT), रायबरेली ने शुक्रवार को एक होटल में अपने बहुप्रतीक्षित 'ग्रैजुएशन शो-2026' का आयोजन किया। कैंपस निदेशक प्रो. डॉ. जोनाली डी. बाजपेयी के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह कला, आधुनिक तकनीक, संस्कृति और भविष्यवादी सोच का एक अनूठा उदाहरण बनकर उभरा।
कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों फैशन डिजाइन, फैशन कम्युनिकेशन, लेदर व एक्सेसरी डिजाइन, फैशन टेक्नॉलजी और मैनेजमेंट स्टडीज के स्नातक छात्रों ने अपने अभिनव प्रॉजेक्ट्स और शानदार कलेक्शंस का प्रदर्शन किया। युवा डिजाइनरों की इस कलात्मक प्रस्तुति में भारतीय पारंपरिक शिल्प और समकालीन सौंदर्यबोध का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में महत्वपूर्ण औद्योगिक साझेदारियों को भी सराहा गया। इसमें मेसर्स रस्टऑरेंज (नोएडा) द्वारा ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि और एकेआई इंडिया लिमिटेड (कानपुर) द्वारा लेदर संसाधनों का प्रायोजन शामिल रहा। अंत में, विभिन्न विभागों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट और नवाचारी शोध कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी (रायबरेली) अंजू लता, यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह, लुलु इंडिया के एमडी नोमान खान और एसएसबी के आईजी रत्न संजय सहित कई हस्तियां शामिल हुईं।

