nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : पीजीआई इलाके में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मार कर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस के हाथ अहम साक्ष्य लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि शूटरों के हाथ लगते ही पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक वरदात प्रॉपर्टी के लेनदेन के विवाद में की गई है।
पीजीआई स्थित वृंदावन योजना में कालिंदी पार्क के पास प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह (38) परिवारीजनों के साथ रहते थे। बुधवार दोपहर 12:30 बजे कल्ली पश्चिम बाजार के यादव मार्केट में कार्यालय के बाहर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद के मुताबिक मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर शूटरों के भागने के संभावित रूटों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फुटेज में शूटर बाइक से किसान पथ पर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब इस बारे में पता कर रही है कि शूटर किसान पथ के रास्ते गैर जनपद फरार हो गए है या शहर के अंदर कहीं गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस खुलासे के बेहद करीब है।

