NBT न्यूज,यमुनानगर
यमुनानगर में जगाधरी-पांवटा नेशनल हाइवे पर लालढांग के पास मक्के से भरा ट्रक दो बाइकों पर पलट गया, जिससे एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई। मरने वालों में पिता और दो बेटियां शामिल हैं। व्यक्ति की पत्नी गंभीर रूप से घायल है। मारा गया चौथा व्यक्ति इनका रिश्तेदार है। ये सभी हिमाचल में श्रीरेणुका जी में दर्शन के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि कलेसर नेशनल पार्क के जंगल में पहाड़ी की ढलान से उतरते वक्त अचानक ट्रक असंतुलित हो गया। दो बाइकों पर सवार ये परिवार उस वक्त पहाड़ी की चढ़ाई पर थे। ये सभी एक रेलिंग के पास अटक गए और असंतुलित होकर ट्रक रॉन्ग साइड आकर इनके ऊपर पलट गया।
राजेंद्र धीमान लकड़ी व रिपेयरिंग का काम करते हैं। परिवार ने श्रीरेणुकाजी मंदिर जाने की योजना बनाई। राजेंद्र की बहन का देवर फूलसिंह भी दौलतपुर से पहुंचा। राजेंद्र की दोनों बेटियां फूल सिंह की बाइक के पीछे बैठ गईं। दो बाइक पर 5 लोग शुक्रवार सुबह 9 बजे घर से निकले। कलेसर जंगल का बड़ा हिस्सा पार कर लाल ढांग के पास पहुंचे। यहां से हिमाचल की सीमा शुरू हो जाती है। बताया जा रहा है कि जब ये परिवार लाल ढांग की चढ़ाई शुरू करने वाला था, तभी सामने से मक्के के बोरों से लदा ट्रक आता दिखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइकों ने बेकाबू ट्रक से बचने की कोशिश भी की, लेकिन पहाड़ी और खाई की रेलिंग में अटक गए। पलक झपकते ही ट्रक दोनों बाइकों के ऊपर पलट गया।

