सफाईकर्मी दो बार ही लगाएंगे हाजिरी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की दिन में तीन बार हाजिरी लगाने के आदेश के विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने नगर निगम कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए यशेंद्र सिंह ने कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और शाम चार बजे लगाई जा रही हाजिरी के आदेश को रद्द कर दिया।
बता दें कि पहली बार सुबह 9 बजे, दूसरी बार दोपहर एक बजे और तीसरी बार शाम चार बजे हाजिरी लगाई जा रही थी। लेकिन अब सफाईकर्मी दो बार ही हाजिरी लगाएंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के अधीन आने वाले 11 नगर निगमों, 68 नगर पालिकाओं और 24 नगर परिषदों में कहीं भी सफाई कर्मचारियों की तीन समय हाजिरी नहीं लगाई जा रही है। बावजूद फरीदाबाद नगर निगम कमिश्नर द्वारा सफाई कर्मचारियों पर तीन बार हाजिरी लगाने का आदेश थोपना पूरी तरह गलत है। कर्मचारी इस तुगलकी फरमान को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे।

कर्मचारियों ने एकजुट होकर इस आदेश का विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के बाद कमिश्नर द्वारा शाम चार बजे की हाजिरी का आदेश रद्द किए जाने पर कर्मचारियों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताया।

प्रदर्शन में जिला सचिव अनिल चिंडालिया, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान करतार सिंह, श्रीनंद ढकोलिया, राजवती, सत्तो और इंद्रा सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।