पुराने वाहन स्क्रैप कराने आए आगे

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
Bhola.Pandey @timesofindia.com

n फरीदाबाद : हरियाणा में पुराने कमर्शल वाहनों के रजिस्ट्रेशन को लेकर परिवहन विभाग के परिवर्तन पोर्टल पर फरीदाबाद ने अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। अब तक पोर्टल पर फरीदाबाद अथॉरिटी के तहत कुल 5,043 से अधिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इस आंकड़े के साथ फरीदाबाद प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। गुड़गांव 5,436 वाहनों के रजिस्ट्रेशन के साथ पहले नंबर पर है। दोनों जिलों के बीच 393 वाहनों का अंतर है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली एनसीआर में दस और 15 साल पुराने वाहनों को सड़कों पर चलने से रोक लगा दी है। हरियाणा सरकार ने ऐसे पुराने वाहनाें को स्क्रैप कराने के लिए परिवर्तन पोर्टल शुरू किया है। इस पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद ऐसे वाहन रोड पर नहीं चलेंगे।

साथ ही इसके बदले नए वाहन खरीदने में कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिवहन विभाग लगातार इसके लिए ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक कर पंजीकरण कराने पर जोर दे रहा है। वाहनों को स्क्रैप करने वाली एजेंसी पंजीकरण होने के बाद उन वाहनों को ले जाती है।

सबसे ज्यादा 3,855 हैवी श्रेणी के वाहनों के रिजस्ट्रेशन हुए: परिवर्तन पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक, फरीदाबाद में रजिस्टर्ड 5,043 वाहनों में 4,351 ट्रक और 692 बसें शामिल हैं। ट्रकों के रजिस्ट्रेशन में फरीदाबाद प्रदेश में सबसे आगे है। इनमें 338 छोटे ट्रक, 158 मीडियम और 3,855 हैवी श्रेणी के ट्रक दर्ज किए गए हैं।

वहीं, बसों की श्रेणी में 91 छोटे, 178 मीडियम और 423 हैवी बसों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।पलवल में 812 वाहनों ने अपना पंजीकरण कराया है।