टेंडर में फर्ज़ी कागज़ लगाने पर कंपनी को किया ब्लैकलिस्ट
टेंडर में फर्ज़ी कागज़ लगाने पर कंपनी को किया ब्लैकलिस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Chanderkant .yadav @timesofindia.com
n फरीदाबाद : एनबीटी द्वारा 4 नवंबर को प्रमुखता से प्रकाशित की गई खबर पर आखिरकार प्रशासनिक मुहर लग गई है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ( FMDA ) के 40 करोड़ रुपये के टेंडर में फर्जी दस्तावेज लगाकर काम हथियाने का प्रयास करने वाली गुड़गांव की मेसर्स बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी पर प्राधिकरण ने बड़ा एक्शन लिया है। एफएमडीए ने इस कंपनी को पूरे हरियाणा राज्य में दो साल के लिए ब्लैकलिस्ट (डिबार) करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी की विवादित बोली ( Bid ) को भी आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया है। अब एसटीपी निर्माण को लेकर नए सिरे से टेंडर जारी किया जाएगा।40 करोड़ थी कुल रकम: बता दें कि सूरजकुंड के पास बादशाहपुर जोन में 20 एमएलडी ( MLD ) क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ( STP ) लगाने के लिए एफएमडीए ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत का टेंडर जारी किया था। टेंडर की वित्तीय बोली खुलने पर गुड़गांव की बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी सबसे कम रेट भरने के कारण एल-1 बनकर उभरी थी। कंपनी ने अपनी तकनीकी योग्यता साबित करने के लिए नगर परिषद, अंबाला सदर से जारी किया गया अनुभव प्रमाण पत्र जमा कराया था, जिसमें एक जॉइंट वेंचर में अपनी हिस्सेदारी 74 प्रतिशत दिखाई थी। लेकिन जब इसकी शिकायत एफएमडीए के सीईओ और हरियाणा सरकार के उच्चाधिकारियों तक पहुंची, तो दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराया गया। एफएमडीए के ईएक्सईएन समुंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग की आईटी सेल को निर्देश दिए गए हैं कि कंपनी के ब्लैकलिस्ट होने की जानकारी को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्कस पोर्टल पर तुरंत अपडेट किया जाए।