महिला अधिवक्ताओं को कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए जिला बार असोसिएशन फरीदाबाद में तीन सदस्यीय महिला समिति का गठन किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में हरियाणा की सभी बार असोसिएशनों में इस तरह की समितियां गठित की जा रही हैं। जिला बार असोसिएशन के प्रधान एडवोकेट विवेक रावत के निर्देश पर गठित समिति में अधिवक्ता कमलेश शर्मा, भानु प्रिया शर्मा और सुमन नर्वत को सदस्य नियुक्त किया गया है।लिंगभेद और असमानता से जुड़े मामलों पर करेगी काम: एडवोकेट विवेक रावत ने बताया कि समिति महिला अधिवक्ताओं के साथ होने वाले लिंगभेद, असमानता और कार्यस्थल पर सम्मान एवं गरिमा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी। वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी समितियों के गठन से उन्हें सम्मानजनक वातावरण मिलेगा।