nनई दिल्ली : एम्प्लॉयीज प्रॉविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) के सब्सक्राइबर जल्द ही वट्सऐप के जरिए क्लेम फाइल कर सकेंगे और वहीं पर उसका अप्रूवल भी उन्हें मिल जाएगा। EPFO के IT इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा रहा है और इसके तहत यह सुविधा नए साल में देने की तैयारी है। EPFO जल्द ही भीम ऐप के जरिए UPI सुविधा भी देने की तैयारी में है, जिससे पैसा निकाला जा सकेगा। हालांकि इसमें निकासी की एक मिनिमम और मैक्सिमम लिमिट भी लगेगी।अभी क्या है सुविधा? : एक सूत्र ने बताया, 'सब्सक्राइबर को अभी वट्सऐप के जरिए बैलेंस चेक करने, पिछले 5 लेनदेन की जानकारी देखने और पासबुक डाउनलोड करने की सुविधा है। उन्हें क्लेम फाइल करने की सहूलियत भी दी जाएगी। क्लेम करने की जो वैध सीमा है, उसके तहत वे इसे फाइल कर सकेंगे। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और आधार OTP के जरिए वैलिडेशन होगा। पैसा सब्सक्राइबर के खाते में भेज दिया जाएगा।'
कैसे करें शुरूआत? : सूत्रों ने बताया, 'टेक्निकल अपग्रेडेशन से जुड़ा EPFO 3.0 का काम लगभग पूरा हो गया है। टेस्टिंग चल रही है। अगले साल फरवरी अंत या मार्च में इसे लागू किया जाएगा और उसके साथ ही वट्सऐप पर नई सुविधा भी शुरू हो जाएगी।' EPFO का वट्सऐप सर्विस नंबर 8796441800 है। इस पर Hi लिखकर भेजने से बातचीत शुरू होती है और पसंदीदा भाषा चुनने के साथ प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
क्या हैं नियम? : EPFO के नियमों के मुताबिक, मेंबर के अकाउंट में अंशदान का 25% हिस्सा मिनिमम बैलेंस के रूप में रहना अनिवार्य है। वहीं, बीमारी, पढ़ाई, शादी और घर बनाने जैसे मामलों में 5 लाख रुपये तक के क्लेम का ऑटो -सेटलमेंट होता है। 19 नवंबर को EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट़्रस्टीज ने 90% निकासी की मंजूरी दी थी, लेकिन अभी यह लागू नहीं है।