मेटा ऑफिस के बाहर फिर से जुटे युवा कांग्रेस के लोग, किया प्रदर्शन

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT रिपोर्ट, डीएलएफ

कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने सोमवार को डीएलएफ फेज-2 स्थित मेटा ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से पहुंचे युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मेटा के खिलाफ नारेबाजी कर बंद किए अकाउंट तत्काल बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिला अध्यक्ष और हलका अध्यक्ष शामिल रहे। शुक्रवार को भी कांग्रेस की ओर से मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया था।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि मेटा निष्पक्ष सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाने के बजाय भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। विपक्षी नेताओं के अकाउंट बंद करना उनकी आवाज दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि मेटा को बताना चाहिए कि पॉलिटिकल नेताओं के अकाउंट किस आधार पर बंद किए गए हैं। ऐसा लगता है कि कंपनी भाजपा के प्रभाव में काम कर रही है। विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश प्रभारी सत्यवान गेलोत ने कहा कि सोशल मीडिया लोकतंत्र में जनता तक अपनी बात पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजनीतिक नेताओं के अकाउंट बंद करना अभिव्यक्ति की आजादी के लिए चिंता का विषय है।