n NBT न्यूज, हथीन : राजकीय स्कूलों में समग्र शिक्षा और पीएमश्री योजना के तहत होने वाले विकास कार्यों को गति देने के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने वित्तीय अधिकारों का विकेंद्रीकरण किया है। विभिन्न स्तरों पर एक लाख रुपये तक के वित्तीय अधिकार दिए गए हैं। नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में योजनाओं से संबंधित छोटे और जरूरी कार्यों के लिए लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया कम करना है। अब संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित अधिकार क्षेत्र और वित्तीय सीमा के भीतर निर्णय लेकर खर्च की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे। इससे स्कूलों में जरूरी सामान की खरीद, विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं का विस्तार और योजनाओं के तहत स्वीकृत अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी। अभी तक स्कूलों में कई बार छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी उच्च अधिकारियों से मंजूरी लेने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।